जयपुर. राजस्थान में जल्द ही सेमीकंडक्टर चिप का उत्पादन शुरू हो सकता है। उद्योग और वाणिज्य राज्य मंत्री के.के. विश्नोई ने कहा- सेमीकंडक्टर उद्योग को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने नई नीति लागू की है। निवेश बढ़ाने और नए उद्योगों की राह आसान बनाने के लिए सरकार अब तक 34 नई नीतियां लागू कर चुकी हैं। विश्नोई मंगलवार को जयपुर के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित कार्यक्रम में इंडिया स्टोनमार्ट-2028 के आयोजन को लेकर रीको, सिडोस और लघु उद्योग भारती के बीच हुए एमओयू कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा राज्य सरकार का फोकस उद्योगों को बढ़ावा देने, निवेश आकर्षित करने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर है। इंडिया स्टोनमार्ट-2028 के आयोजन के लिए रीको, सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ स्टोन्स (सिडोस) और लघु उद्योग भारती के बीच इस दौरान एमओयू साइन किया गया। उद्योग और वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़, राज्य मंत्री के.के. विश्नोई, अतिरिक्त मुख्य सचिव शिखर अग्रवाल, रीको के एमडी सुरेश ओला सहित उद्योग जगत के प्रतिनिधि मौजूद रहे। उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा राज्य सरकार राजस्थान को इंडस्ट्रियल हब बनाने की दिशा में काम कर रही है। इससे युवाओं को ज्यादा से ज्यादा रोजगार मिल सके। उन्होंने कहा इंडिया स्टोनमार्ट-2026 की सफलता के बाद अब 2028 के आयोजन को और बड़े स्तर पर करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। राठौड़ ने कहा इंडिया स्टोनमार्ट-2028 में ज्यादा से ज्यादा देशों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। विदेशी खरीदारों, निवेशकों और आर्किटेक्ट्स को जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा। साथ ही नई तकनीक, आधुनिक मशीनों और स्टार्टअप्स को भी बढ़ावा दिया जाएगा। राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा सिडोस स्टोन सेक्टर की तकनीक और डिजाइन से जुड़ा है। रीको के पास इंफ्रास्ट्रक्चर और संसाधन हैं। वहीं लघु उद्योग भारती का एमएसएमई सेक्टर में मजबूत नेटवर्क है। इन तीनों संस्थाओं के साथ आने से इंडिया स्टोनमार्ट-2028 को नई मजबूती मिलेगी। इससे राजस्थान का स्टोन कारोबार दुनिया के और ज्यादा बाजारों तक पहुंच सकेगा। इंडिया स्टोनमार्ट का 14वां संस्करण 17 से 20 फरवरी 2028 तक आयोजित किया जाएगा। आयोजन से पहले 11 देशों में रोड शो होंगे। वर्ष 2026 के आयोजन में 450 प्रदर्शकों, 59 विदेशी कंपनियों और 58 देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया था। आयोजन में 27 हजार से अधिक विजिटर्स पहुंचे थे, जिससे यह देश के सबसे बड़े स्टोन बिजनेस आयोजनों में शामिल हो गया।
- अजब गजब
- ऑटो/ टेक
- कंज्यूमर
- खबरों की खबर
- जनप्रहरी एक्सप्रेस
- जनप्रहरी लेटेस्ट
- राज्य
- जयपुर
- पॉलिटिकल
- पीएमओ इंडिया
- बढ़ रहा
- बिजनेस
- भाजपा
- मस्त खबर
- समाज
- सीएमओ राजस्थान































