— गुरू पूर्णिमा पर मुख्यमंत्री शर्मा के कर कमलों से प्रदेश में शिक्षा तंत्र को अधिक मजबूत करने के लिए 947 करोड़ रुपए से अधिक के कार्यों का होगा लोकार्पण, शिलान्यास, डीबीटी

जयपुर। गुरु शिक्षा देता है, सीख सिखाता है। शासन की जिम्मेदारी गुरु और शिष्य को ऐसा आदर्श वातावरण, सुविधाएं और प्रेरणा उपलब्ध करवाना है, ज​हां गुरु देश और दुनिया के बेहतर भविष्य के लिए शिष्य को श्रेष्ठ नागरिक के रूप में गढ़ सके। इसी सोच के साथ  मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गुरू पूर्णिमा पर प्रदेश के शिक्षा जगत को कई बड़ी सौगातों का तोहफा देंगे। भरतपुर में 29 जुलाई को आयोजित  राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री 691 करोड़ रुपए के शैक्षिक निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। 40 लाख से अधिक पात्र विद्यार्थियों को नि:शुल्क यूनिफॉर्म के लिए 250 करोड़ रुपए की डीबीटी करेंगे और  6 करोड़ रुपए के व्हीलचेयर, टेबलेट का वितरण करेंगे। बालिका शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री भरतपुर जिले की वैर तहसील के खेड़ली गुर्जर में बालिका सैनिक विद्यालय का शिलान्यास भी करेंगे। राज्य स्तरीय समारोह में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म सहित अन्य गणमान्य जन शामिल होंगे। कक्षा 1 से 8 में अध्यनरत 40 लाख से अधिक पात्र विद्यार्थियों को नि:शुल्क यूनिफॉर्म के लिए 250 करोड़ रुपए की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की जाएगी। विद्यार्थियों की बुनियादी शिक्षा को बेहतर बनाने एवं पठन को सहज बनाने के लिए मुख्यमंत्री ‘मिशन पढ़ो राजस्थान’ के अंतर्गत रीडिंग प्रमोशन कैम्पेन का शुभारंभ करेंगे। इस कार्यक्रम के तहत प्रदेश के समस्त विद्यालयों में प्रतिदिन 7वें कालांश में पठन किया जाएगा। अभिभावकों का विद्यालय से लगाव व भागीदारी बढ़ाने और विद्यार्थियों की वर्ष भर की शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी देने के लिए निपुण कैलेंडर का भी विमोचन किया जाएगा।

LEAVE A REPLY