जयपुर. सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा के तहत शुक्रवार को जयपुर के दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से पर्यटक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ट्रेन को रवाना किया। इस विशेष धार्मिक यात्रा में प्रदेश के 1000 वरिष्ठ नागरिक गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर, द्वारकाधीश मंदिर सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे। देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा- सभी श्रद्धालु सौभाग्यशाली हैं, जिन्हें सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर इस विशेष यात्रा में शामिल होने का अवसर मिला है। सात दिवसीय यह यात्रा सभी यात्रियों के लिए मंगलमय और सुखद रहे, यही उनकी कामना है। देवस्थान मंत्री ने बताया- गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर इस विशेष यात्रा का आयोजन किया गया है। सोमनाथ मंदिर भारतीय संस्कृति, आस्था और सनातन परंपरा का प्रतीक रहा है। इतिहास में कई बार विदेशी आक्रांताओं ने मंदिर को क्षति पहुंचाई, लेकिन हर बार यह मंदिर पुनः अपनी भव्यता के साथ खड़ा हुआ। आजादी के बाद देश के प्रथम गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल के प्रयासों से मंदिर का पुनर्निर्माण हुआ था। पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें राजस्थान सरकार की यह विशेष यात्रा भी शामिल है। इस यात्रा में वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत पहले चयनित लेकिन किसी कारणवश यात्रा नहीं कर पाए श्रद्धालुओं को शामिल किया गया है। देवस्थान विभाग ने सभी जिलों को निर्देश जारी कर प्रतीक्षा सूची में शामिल यात्रियों का चयन किया। प्रत्येक जिले से प्रतीक्षा सूची के अनुपात में यात्रियों को इस यात्रा में स्थान दिया गया है। विशेष पर्यटक ट्रेन में कुल 14 वातानुकूलित कोच, 2 पावर कार और 1 पैंट्री कार लगाई गई हैं। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यात्रा के दौरान भोजन, आवास, स्थानीय परिवहन और दर्शनीय स्थलों के भ्रमण की संपूर्ण व्यवस्था की गई है। ट्रेन में चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि वरिष्ठ नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन के अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए अजमेर रेलवे स्टेशन और आबू रोड रेलवे स्टेशन पर भी बोर्डिंग एवं डी-बोर्डिंग की व्यवस्था की गई है। विशेष ट्रेन 5 जून को दोपहर 4 बजे दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से रवाना हुई। रास्ते में अजमेर और आबू रोड स्टेशन पर यात्रियों के लिए निर्धारित ठहराव रखा गया है। 6 जून को ट्रेन सुबह करीब 11:30 बजे सोमनाथ पहुंचेगी। यहां यात्रियों को होटल में ठहराने के बाद सोमनाथ मंदिर सहित आसपास के धार्मिक एवं दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा 7 जून को सोमनाथ के शेष दर्शनीय स्थलों के दर्शन करवाने के बाद रात करीब 11:30 बजे विशेष ट्रेन द्वारका के लिए रवाना होगी। 8 जून को सुबह लगभग 6 बजे द्वारका पहुंचने पर यात्रियों को होटल में ठहराया जाएगा। इसके बाद द्वारकाधीश मंदिर और अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। 9 जून को द्वारका में शेष भ्रमण कार्यक्रम पूरा करने के बाद शाम करीब 6 बजे विशेष ट्रेन जयपुर के लिए रवाना होगी। 10 जून को शाम करीब 4 बजे ट्रेन जयपुर पहुंचेगी। वापसी के दौरान अजमेर और आबू रोड स्टेशन पर भी यात्रियों के उतरने की व्यवस्था रहेगी।
- अजब गजब
- कंज्यूमर
- करियर
- कर्मचारी संघ
- कल्चरल
- खबरों की खबर
- जनप्रहरी एक्सप्रेस
- जनप्रहरी लेटेस्ट
- राज्य
- जयपुर
- धर्म-अध्यात्म
- पॉलिटिकल
- भाजपा
- मंदिर
- मस्त खबर
- समाज
- सीएमओ राजस्थान






























