जयपुर. जयपुर-कनकपुरा रेलखंड पर ट्रैक मरम्मत कार्य के चलते गोकुलपुरा रेलवे फाटक (फाटक संख्या-229) को 10 जुलाई से 17 जुलाई तक बंद रखा जाएगा। इस दौरान फाटक से रोजाना सुबह 6 बजे से शाम 7 बजे तक किसी भी प्रकार के वाहन चलाने की अनुमति नहीं होगी। रेलवे ने वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। दरअसल, गोकुलपुरा रेलवे फाटक शहर के सबसे व्यस्त रेलवे क्रॉसिंग में से एक माना जाता है। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि यह सिरसी रोड और कालवाड़ रोड को सीधे जोड़ता है। हर दिन हजारों दोपहिया और चारपहिया वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं। फाटक बंद रहने से इस पूरे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना है। गोकुलपुरा रेलवे फाटक बंद होने का सबसे ज्यादा असर सिरसी रोड, कालवाड़ रोड और आसपास विकसित हुई आवासीय कॉलोनियों पर पड़ेगा। अनुमान है कि 50 से अधिक कॉलोनियों में रहने वाले और इस मार्ग का इस्तेमाल करने वाले दो लाख से ज्यादा लोगों को अगले आठ दिनों तक 3 किलोमीटर एक्स्ट्रा दूरी तय कर खिरणी फाटक रेलवे ऑवर ब्रिज से जाना पड़ेगा। ऑफिस, स्कूल, कॉलेज और बाजार जाने वाले लोगों को रोजाना वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना होगा, जिससे यात्रा का समय भी बढ़ सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह रेलवे फाटक क्षेत्र की लाइफलाइन की तरह है। इसके बंद होने पर उन्हें लंबा चक्कर लगाकर दूसरे मार्गों से गुजरना पड़ेगा, जिससे ट्रैफिक का दबाव भी बढ़ने की आशंका है। 8 दिन फाटक बंद होने के चलते वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग से जाना पड़ेगा।
- अजब गजब
- कंज्यूमर
- करियर
- कर्मचारी संघ
- खबरों की खबर
- जनप्रहरी एक्सप्रेस
- जनप्रहरी लेटेस्ट
- राज्य
- जयपुर
- शासन-प्रशासन
- समाज






























