जयपुर. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शहरी निकाय और पंचायतीराज चुनावों में जेन-जी को ज्यादा से ज्यादा टिकट देने की पैरवी की है। उन्होंने कहा कि जेन-जी को 50 प्रतिशत से ज्यादा टिकट दिए जाने चाहिए, क्योंकि युवाओं को राजनीति में आगे लाना जरूरी है। गहलोत ने सिफारिश के आधार पर टिकट बांटने से बचने की नसीहत देते हुए कहा कि ऐसा किया तो चुनाव हार जाएंगे। उन्होंने यहां तक कहा कि अगर मैं भी किसी की सिफारिश करूं तो उसे टिकट मत देना। पूर्व सीएम मंगलवार को निकाय चुनावों की तैयारी के लिए कांग्रेस वॉर रूम में हुई बैठक के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। गहलोत ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मैंने कहा है 50 प्रतिशत से ज्यादा टिकट जेन-जी को दें। जेन-जी आने के बाद पूरे देश में माहौल बदला है। सीनियर्स का अनुभव काम लो। जेन-जी को लीजिए, युवा पीढ़ी कह लीजिए, इनके महत्व से इनकार नहीं किया जा सकता। गहलोत ने कहा जेन-जी ने जंतर-मंतर पर आंदोलन किया, राहुल गांधी ने प्रदर्शन किया। मैंने भी जयपुर में दो बार भाग लिया। पीढ़ी का बदलाव हो रहा है। हमें युवाओं की भावनाओं को पहचानना चाहिए, युवाओं के मौका मिले। जेन-जी के आंदोलन ने माहौल बदला है। गहलोत ने कहा उम्मीद है कि फील्ड में जो ऑब्जर्वर भेजे जाएंगे, प्रदेश कांग्रेस उन्हें पूरा अधिकार देकर भेजेगी। सिफारिश से टिकट मत दीजिए। एक भी टिकट सिफारिश से दिया नहीं कि हारे नहीं। वास्तविक कार्यकर्ता को टिकट देना चाहिए। गहलोत ने कहा- टिकट वास्तविक कार्यकर्ताओं को ही मिलने चाहिए। मेरे पास भी जयपुर, भरतपुर, बीकानेर कहीं से भी सिफारिश के लिए लोग आते हैं। मैं भी किसी की सिफारिश करूं तो टिकट मत देना। अब पूर्व सीएम सिफारिश करेगा तो टिकट दे ही देंगे, क्योंकि मुझे क्या पता कि वहां की जमीनी हकीकत क्या है? बिना जमीनी हकीकत जानें टिकट दिया तो वो कैसे चुनाव जीतेगा? उम्मीदवारों का चयन जमीनी हकीकत के आधार पर होना चाहिए।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने निकाय और पंचायत चुनावों में 60 फीसदी टिकट युवाओं को देने की घोषणा की है। निकाय चुनाव की तैयारी को लेकर वरिष्ठ नेताओं की बैठक के बाद डोटासरा ने कहा- हम युवाओं पर खास ध्यान दे रहे हैं। हम 50 नहीं 60 फीसदी टिकट युवाओं को देंगे, इस तरह की हमारी गाइडलाइन नीचे तक जाएगी। जीतने के बाद जो बिक जाता है, उन लोगों का ध्यान रखा जाएगा। जिसने निर्दलीय जीतकर कांग्रेस का समर्थन किया ,उसे टिकट दे दिया जाएगा,लेकिन जिसने कांग्रेस से जीतकर दूसरे का समर्थन कर दिया, उसे टिकट नहीं मिलेगा।

LEAVE A REPLY