जयपुर. शेखावाटी के तीन जिलों (सीकर, चूरू और झुंझुनूं) तक यमुना का पानी लाने को लेकर 29 जून को केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय, राजस्थान और हरियाणा सरकार के बीच मेमोरेंडम ऑफ एग्रीमेंट हुआ। एमओए के बाद सीएम भजनलाल शर्मा मंगलवार को जयपुर लौटे। एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक रोड शो किया। सीएम भजनलाल शर्मा ने जयपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से कहा कि राहुल गांधी कहते हैं कि वो आलू से सोना बनाएंगे। मैंने शेखावटी के लोगों से कहा था कि हम यह तो नहीं कर सकते हैं, लेकिन हम यमुना का पानी लेकर आएंगे। जिसके बाद हमारा किसान जरूर सोना पैदा करेगा। सीएम का जवाब: मैं सबसे पहले पीएम नरेंद्र मोदी को राजस्थान की 8 करोड़ जनता की ओर से धन्यवाद देता हूं, उन्होंने राजस्थान के यमुना जल की मांग को पूरा किया। डीपीआर बनकर तैयार हो गई है। पानी कैसे लाया जाएगा, इसको लेकर राजस्थान और हरियाणा के अफसरों ने तैयारी कर ली है। जल्द ही योजना को मूर्तरूप देंगे। सीएम ने कहा कि 300 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन से पानी आएगा। टास्क फोर्स भी बना रखी है। सरकार की कोशिश है कि जल्द से जल्द काम शुरू किया जाए और उसे समय पर पूरा किया जाए। सीएम भजनलाल शर्मा ने जयपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से कहा कि आज का दिन राजस्थान के लिए ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि जब राजस्थान में हमारी सरकार आई थी तो सबसे पहले हमने राजस्थान का रोडमैप बनाया कि सबसे ज्यादा जरूरत किस चीज की है। सभी की मांग थी कि राजस्थान को अगर पानी मिलेगा तो हमारा राजस्थान आगे बढ़ेगा। हमारे किसान को पानी चाहिए, उद्योग को भी पानी चाहिए, पीने के लिए शुद्ध पानी जनता को चाहिए। हमारी कई परियोजनाएं 40-50 साल से लंबित थी। ईआरसीपी, यमुना जल समझौता और देवास परियोजना सहित अन्य परियोजनाओं पर हमने पिछले ढाई साल में काम किया है। सीएम ने कहा कि आज मैं कांग्रेस के लोगों के बयान देख रहा था। वे 5 दिन पहले कुछ और कह रहे थे। हमने कहा कि इसका जवाब हम तभी देंगे, जब हमारा यह समझौता हो जाएगा। लेकिन आज उनके सुर बदल गए हैं। शेखावाटी के लोग आज मेरे सामने बैठे हैं। कांग्रेस के लोगों ने शेखावाटी के साथ जितना अन्याय किया, उतना किसी ने नहीं किया। जब वोट का समय आता था तो यह शिलान्यास कर देते थे। यमुना के पानी के सपने दिखाते थे। लेकिन इन्होंने आज तक इसे लेकर एक पत्र भी नहीं लिखा। सीएम भजनलाल शर्मा ने दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा परियोजनाओं को अटकाने का काम किया है। उन्होंने केवल जनता को वोटों की खातिर लुभाने का काम किया। सीएम ने कहा कि कांग्रेस अपने शासनकाल की कोई भी बड़ी परियोजना बता दें, जिसे शुरू किया हो। सीएम ने कांग्रेस के उस बयान पर भी पलटवार किया था, जिसमें राजस्थान को कम पानी मिलने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि साल 1994 में हुए समझौते के अनुसार ही राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली को उसके हिस्से का पानी मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक राजस्थान, हरियाणा और केन्द्र में कांग्रेस की सरकार थी, लेकिन कांग्रेस ने हमारे शेखावाटी और राजस्थान के लोगों के दर्द को कभी महसूस नहीं किया। उन्होंने इस दिशा में एक भी कदम आगे नहीं बढ़ाया।
- अजब गजब
- एग्रीकल्चर
- कंज्यूमर
- करियर
- पॉलिटिकल
- कांग्रेस
- खबरों की खबर
- जनप्रहरी एक्सप्रेस
- जनप्रहरी लेटेस्ट
- राज्य
- जयपुर
- जलदाय
- पीएमओ इंडिया
- भाजपा
- मस्त खबर
- समाज
- सीएमओ राजस्थान






























