जयपुर. जयपुर दुनिया के 20 टॉप कला-सांस्कृतिक शहरों में शामिल हो गया है। इस लिस्ट में शामिल होने वाला जयपुर देश का एकमात्र शहर है। यह रैंकिंग लंदन स्थित अंतरराष्ट्रीय पत्रिका टाइम आउट की ओर से 19 जून को जारी की गई। टाइम आउट की ग्लोबल रैंकिंग में पहले स्थान पर लंदन रहा, जबकि जयपुर को 18वीं रैंक मिली। जयपुर ने अपनी सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक कला, ऐतिहासिक धरोहरों और जीवंत सांस्कृतिक आयोजनों के दम पर दुनिया के प्रमुख शहरों के बीच जगह बनाई। यह उपलब्धि न केवल जयपुर बल्कि राजस्थान और देश के लिए गौरव की बात मानी जा रही है। दरअसल, टाइम आउट की ओर से जारी रैंकिंग में शहरों का मूल्यांकन उनकी सांस्कृतिक विरासत, म्यूजियम, कला गतिविधियों, हेरिटेज, स्थानीय परंपराओं और सांस्कृतिक आयोजनों के आधार पर किया जाता है। जयपुर इन सभी पैरामीटर पर खरा उतरा और अपनी अलग पहचान स्थापित की। जयपुर सदियों से कला, संस्कृति और शिल्प का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां की विश्व प्रसिद्ध ब्लू पॉटरी, ब्लॉक प्रिंटिंग, मीनाकारी, कुंदन-जड़ाऊ ज्वेलरी और पारंपरिक हस्तशिल्प देश-विदेश में अपनी अलग पहचान रखते हैं। हवामहल, सिटी पैलेस, जंतर-मंतर और आमेर फोर्ट जैसे ऐतिहासिक स्मारक जयपुर की विरासत को विश्व स्तर पर पहचान दिलाते हैं। जयपुर केवल ऐतिहासिक धरोहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि आधुनिक सांस्कृतिक गतिविधियों का भी केंद्र बन चुका है। शहर में आयोजित होने वाला जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल दुनिया के सबसे बड़े साहित्य के महाकुंभ में गिना जाता है। पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि इस वैश्विक मान्यता से जयपुर में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को और बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय कलाकारों, शिल्पकारों और पर्यटन उद्योग को भी फायदा मिलेगा। इससे पहले यूनेस्को ने जुलाई 2019 में जयपुर की ऐतिहासिक चारदीवारी (परकोटे) कोवर्ल्ड हेरिटेज सिटी का दर्जा दिया था।































