जयपुर. तेज रफ्तार रोडवेज बस की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। ड्राइवर ने साइड से स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी सवार युवक नीचे गिर गया। इस दौरान सवारियों से भरी बस का ड्राइवर स्कूटी और युवक को कुचलते हुए भाग निकला। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे मौके पर जाम लग गया। लोगों की सूचना के बाद गलता गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एसएमएस हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया। पुलिस ने मौके से जाम खुलवाया। घटना गलता गेट थाना इलाके के सूरजपोल के पास ऑटोमोबाइल कट के पास शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे की है। फिलहाल रोडवेज बस और ड्राइवर की तलाश में पुलिस जुट गई है। मृतक की पहचान विकास (24) निवासी सूरौठ हिंडौन सिटी, जिला करौली के रूप में हुई है। हाल में विकास जयपुर के महेश नगर में रहकर फूड डिलीवरी का काम करता था। एस.एच.ओ(गलतागेट) धर्मसिंह ने बताया कि दिल्ली की ओर से हरियाणा नंबर की रोडवेज बस सवारियों को लेकर जयपुर आ रही थी। ऑटोमोबाइल कट के पास ओवर स्पीड बस ने स्कूटी को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से स्कूटी सहित रोड पर गिरे युवक को बस रौंदते हुए निकल गई। हादसे के बाद सवारियों से भरी बस को लेकर ड्राइवर फरार हो गया। एक्सीडेंट में युवक की मौत की सूचना पर गलतागेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीसीआर (पुलिस गाड़ी) से शव को पोस्टमॉर्टम के लिए हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस रोडवेज बस और ड्राइवर के बारे में पता कर रही है।

LEAVE A REPLY