जयपुर. सीएम भजनलाल शर्मा ने श्रीगंगानगर जिले में एक ही जमीन के दो पट्टे जारी करने और जनसुविधा के लिए आरक्षित जमीन पर व्यावसायिक पट्टे जारी किए जाने के मामले में यूआईटी सचिव सहित इस प्रकरण में संलिप्त आधा दर्जन से अधिक कर्मचारियों को निलंबित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सीएम ने सांगानेर में सीईटीपी के पम्पिंग स्टेशन और पाइप-लाइन के काम में देरी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अधिकारी मौके पर जाकर मुआयना करें और जल्द काम पूरा करवाएं। सीएम आज मुख्यमंत्री कार्यालय में राज उन्नति की छठी बैठक में विभिन्न योजनाओं और अभियानों की समीक्षा कर रहे थे।सीएम ने कहा कि पानी, बिजली, चिकित्सा, सड़क सहित जनसुविधाओं से जुड़े किसी भी काम में प्रशासनिक लापरवाही और देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इन कामों के टैंडर प्रक्रिया में किसी भी कारण से रूकावट आई तो अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला कलक्टर सेवा शिविरों के माध्यम से अतिक्रमण एवं राजस्व प्रकरणों का निस्तारण करें, ताकि आमजन को सालों पुरानी समस्याओं से भी राहत मिल सके। उन्होंने मानसून को देखते हुए जिला कलक्टर को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश से पहले नालों की साफ-सफाई और सड़कों के पेचवर्क संबंधी काम पूरे कर लिए जाएं। साथ ही, मौसमी बीमारियों से बचाव की तैयारियां पहले ही कर ली जाए। उन्होंने मुख्य सचिव को बड़ी परियोजनाओं की मासिक समीक्षा करने और सरकारी अस्पतालों में दवाइयों की खरीदारी व उपलब्धता के संबंध में कमेटी के गठन के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के शहरों और कस्बों में पुराने कचरे के ढेरों के निस्तारण के कार्यों को मॉनिटरिंग करके पूरा किया जाए, जिससे आमजन को कचरे के ढेर से मुक्ति मिले और इन भूमि पर ट्रीटमेंट प्लांट की कार्ययोजना को आगे बढ़ाया जा सके। उन्होंने 152 नगरीय निकायों में डंपिंग साइट पर पड़े पुराने कचरे के निस्तारण को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों को जल्द कार्य प्रारम्भ करने के निर्देश दिए। सीएम ने सचिवालय में जगह की कमी को देखते हुए जयपुर के लालकोठी में प्रस्तावित कर्मयोगी भवन स्थापना की कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए आरएसआरडीसी को निर्माण कार्य शीघ्र प्रारम्भ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस भवन के निर्माण से विभिन्न आयुक्तालयों एवं आयोगों के कार्मिकों को सुविधायुक्त कार्यस्थल मिलेगा, जिससे उनकी कार्यकुशलता में वृद्धि भी होगी।

LEAVE A REPLY