जयपुर. राजधानी जयपुर में लेपर्ड की एक बार फिर दस्तक से लोगों में दहशत का माहौल है। जगतपुरा इलाके स्थित पॉम कोर्ट कॉलोनी में लेपर्ड का मूवमेंट हुआ। लेपर्ड शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात करीब 2:30 बजे इस इलाके में पहुंच गया। इसका वीडियो कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया। यह वीडियो रविवार को सामने आया। इसके बाद इलाके में लोग देर रात घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक- कॉलोनी में लेपर्ड की हलचल देखी गई। सीसीटीवी फुटेज में लेपर्ड स्पष्ट रूप से घूमता हुआ नजर आया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और इलाके में मॉनिटरिंग बढ़ा दी गई। वन विभाग के रेंजर जितेंद्र सिंह ने बताया- स्थानीय लोगों ने लेपर्ड के मूवमेंट की सूचना दी। इसके बाद विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने के साथ नाइट पेट्रोलिंग टीम को भी सक्रिय किया है। वन विभाग की ओर से इलाके में पिंजरा भी लगाया गया है। ताकि लेपर्ड को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जा सके। उन्होंने बताया- फिलहाल लेपर्ड द्वारा किसी इंसान या मवेशी पर हमले की घटना सामने नहीं आई है। वन विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। पानी-भोजन के लिए कई बार आ चुका जगतपुरा क्षेत्र में वन विभाग के अनुसार- गर्मी के मौसम में पानी और भोजन की तलाश में कई बार लेपर्ड रिहायशी इलाकों की ओर पहुंच जाते हैं। जगतपुरा का यह क्षेत्र झालाना वन क्षेत्र के काफी करीब है। इसकी वजह से यहां लेपर्ड की आवाजाही बढ़ने की संभावना बनी रहती है। पिछले कुछ दिनों में भी आसपास के इलाकों में लेपर्ड की मूवमेंट देखी गई थी। बता दें कि जयपुर में यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई बार लेपर्ड शहर के रिहायशी इलाकों में पहुंच चुके हैं। हालांकि हर बार वन विभाग की टीम ने समय रहते कार्रवाई कर उन्हें सुरक्षित पकड़ लिया। एक बार फिर आबादी वाले इलाके में लेपर्ड दिखाई देने से लोगों के मन में भय का माहौल बन गया है।

LEAVE A REPLY