जयपुर. राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने रविवार को जयपुर रेलवे स्टेशन से ट्रेन के जरिए अजमेर का सफर किया। उन्होंने यात्रियों से बातचीत कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुहिम में भागीदारी निभाने के लिए सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करने से ईंधन की बचत होगी और पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी। डिप्टी सीएम को अपने बीच सफर करता देख यात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान पैसेंजर्स ने डिप्टी सीएम दीया कुमारी के साथ फोटो भी खिंचवाईं। ट्रेन यात्रा के दौरान उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने यात्रियों से बातचीत करते हुए कहा कि सभी को देशहित में मिलकर सहयोग करना चाहिए। उन्होंने पब्लिक ट्रांसपोर्ट के ज्यादा से ज्यादा उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों के साथ आम लोगों को भी इस अभियान से जुड़ना चाहिए, ताकि देश की आर्थिक स्थिति और मजबूत हो सके। डिप्टी सीएम ने युवाओं को भी इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि देश में पर्यटन के लिए कई बेहतरीन स्थान मौजूद हैं, इसलिए लोगों को विदेश जाने के बजाय भारत के पर्यटन स्थलों को प्राथमिकता देनी चाहिए। साथ ही उन्होंने स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और देश में बनी वस्तुओं को ज्यादा अपनाने की अपील भी की। दीया कुमारी ने कहा- यह एक ग्लोबल क्राइसिस है। ऐसे में हम सब मिलकर फ्यूल बचाएं तो उससे बहुत फर्क पड़ेगा। प्रधानमंत्री ने भी लोगों से अपील की है कि जितना अधिक हो सके हम सब पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें, कार पूलिंग करें, साइकिल का इस्तेमाल करे। हम सबको यह फॉलो करना है और हम सब तो जनप्रतिनिधि है। अगर हम लोग यह करेंगे तो लोग बोलेंगे कि जब ये लोग कर रहे हैं तो हमें भी करना चाहिए। हमारी देश की इकोनॉमी को मजबूत बनाए रखने के लिए ये छोटे-छोटे स्टेप्स अगर लेते हैं तो इससे बहुत फर्क पड़ेगा।

LEAVE A REPLY