जयपुर. मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने शनिवार को ‘प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना’ के तहत जयपुर में 29 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भीलवाड़ा में 18 इलेक्ट्रिक बसों का भी शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा- प्रदेश में पहली बार इतने बड़े स्तर पर इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत की गई है, जिससे शहरी परिवहन व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी। दरअसल, जयपुर में अमर जवान ज्योति पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बसों को रवाना करने के बाद खुद भी इलेक्ट्रिक बस में सफर किया। सीएम ने अमर जवान ज्योति से स्टेट हैंगर तक यात्रा कर बसों में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और यात्रियों के लिए इन्हें सुरक्षित, सुविधाजनक एवं पर्यावरण हितैषी बताया। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अगस्त 2023 में शुरू की गई ‘पीएम ई-बस सेवा योजना’ का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में स्वच्छ और टिकाऊ परिवहन को बढ़ावा देना है। केंद्र सरकार इस योजना के तहत राज्यों को बस डिपो निर्माण, इलेक्ट्रिक इंफ्रास्ट्रक्चर और संचालन के लिए सहयोग प्रदान कर रही है। आगे कहा- इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से शहरों में प्रदूषण कम होगा, ईंधन पर निर्भरता घटेगी और लोगों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिल सकेगी। राज्य सरकार का लक्ष्य आधुनिक तकनीक से लैस, सुरक्षित और सुलभ परिवहन व्यवस्था विकसित करना है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत राजस्थान के जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, बीकानेर, भीलवाड़ा, अलवर और अजमेर का चयन किया गया है। केंद्र सरकार ने इन आठ शहरों के लिए 675 इलेक्ट्रिक बसों को मंजूरी दी है। इसके अलावा 475 अतिरिक्त ई-बसें भी स्वीकृत हुई हैं। इस तरह राजस्थान को कुल 1150 इलेक्ट्रिक बसें मिलने जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले चरण में दीपावली तक 675 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई इलेक्ट्रिक बसों को यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इनमें महिलाओं, विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। बसों में सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन, एयर कंडीशनिंग सिस्टम और अन्य आधुनिक सुरक्षा उपकरण लगाए गए हैं। इससे यात्रियों, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा को और मजबूत बनाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल परिवहन सुविधा बढ़ाना नहीं, बल्कि सुरक्षित और सम्मानजनक यात्रा का अनुभव उपलब्ध कराना भी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार शहरी परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 555 अतिरिक्त इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराएगी। इसके अलावा पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 50 डबल-डेकर इलेक्ट्रिक बसें भी शुरू की जाएंगी। इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन पर तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह पहल ‘विकसित राजस्थान-2047’ के विजन को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी और प्रदेश के प्रमुख शहरों में यातायात व्यवस्था को नई पहचान देगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने इलेक्ट्रिक बस का विधिवत पूजन किया और बस में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने पैनिक बटन, सीसीटीवी कैमरे, एयर कंडीशनिंग सिस्टम और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने टिकट लेकर अमर जवान ज्योति से स्टेट हैंगर तक बस में सफर किया और आम यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं का प्रत्यक्ष अनुभव लिया।
- कंज्यूमर
- करियर
- खबरों की खबर
- जनप्रहरी एक्सप्रेस
- जनप्रहरी लेटेस्ट
- राज्य
- जयपुर
- पॉलिटिकल
- पीएमओ इंडिया
- भाजपा
- भीलवाड़ा
- मस्त खबर
- समाज
- सीएमओ राजस्थान































