जयपुर। उपमुख्यमंत्री एवं महिला एवं बाल विकास तथा बाल अधिकारिता मंत्री दिया कुमारी की अध्यक्षता में गुरुवार को शासन सचिवालय में महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेश में आंगनबाड़ी केंद्रों की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता से करवाया जाए। इसके लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर कार्य किया जाए। यदि समग्र शिक्षा अभियान के साथ समन्वय में कोई समस्या आ रही है तो उक्त कार्य सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के माध्यम से करवाया जाए। आंगनबाड़ी केंद्रों में प्री-फैब्रिकेटेड कार्य हेतु सीएसआर के माध्यम से कार्य करवाये जाएं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण और शिक्षा की नींव हैं। इनके भवनों को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए की आंगनबाड़ी केंद्रों पर पेयजल, विद्युत कनेक्शन और शौचालय सुविधाएं सुनिश्चित हो, इसके लिए प्राथमिकता से कार्य किया जाए। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही योजना के कवरेज को और अधिक बढ़ाये जाने के लिए प्रयास करने के निर्देश प्रदान किये। उन्होंने पोषण ट्रेकर पर विभिन्न सूचकांकों में सुधार हेतु निर्देश प्रदान किये। बैठक में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न योजनाओं के तहत आवंटित बजट का समयबद्ध व्यय किया जाए, जो अधिकारी समय पर बजट का उपयोग नही कर पा रहे है उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बजट घोषणाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन किया जाए। बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लाडो प्रोत्साहन योजना की सभी किस्तों का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि लाडो प्रोत्साहन योजना की तीसरी किश्त का समय पर भुगतान सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि वन स्टॉप सेंटर्स के प्रभावी संचालन की सघन मॉनिटरिंग की जाए तथा अधिकारियों द्वारा स्वयं विजिट कर प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने कालीबाई भील उड़ान योजना की भी समीक्षा की तथा सेनेटरी पैड के वितरण को प्रभावी रूप से किए जाने के निर्देश दिए। बैठक में विभाग की शासन सचिव पूनम तथा निदेशक आईसीडीएस वासुदेव मालावत, महिला अधिकारिता आयुक्त राकेश राजोरिया सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
- एजुकेशन
- कंज्यूमर
- करियर
- पॉलिटिकल
- कांग्रेस
- खबरों की खबर
- जनप्रहरी एक्सप्रेस
- जनप्रहरी लेटेस्ट
- राज्य
- जयपुर
- पीएमओ इंडिया
- भाजपा
- मस्त खबर
- समाज
- सीएमओ राजस्थान































