-बीजेपी उम्मीदवार देबांग्शु पांडा ने 1 लाख से ज्यादा वोटों से जीत हासिल की
कोलकाता. पश्चिम बंगाल की फालता सीट पर रविवार को आए चुनावी नतीजे में भाजपा को जीत मिली। बीजेपी उम्मीदवार देबांग्शु पांडा ने 1 लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत हासिल की। उन्हें 1.49 लाख से ज्यादा वोट मिले। सीपीआई (एम) के उम्मीदवार शंभूनाथ कुर्मी 40 हजार वोट के साथ दूसरे नंबर पर रहे। वहीं चुनाव से पीछे हटने वाले टीएमसी के जहांगीर चौथे नंबर पर रहे। फालता में 74 साल के इतिहास में भाजपा ने पहली बार जीत हासिल की है। 1952 से 2006 तक यह कांग्रेस और सीपीआई (एम) का गढ़ था। 2011 के बाद लगातार तीन बार टीएमसी जीती थी। फालता में जीत के साथ भाजपा की बंगाल में कुल सीटें 208 हो गईं हैं। 4 मई को आए रिजल्ट में भाजपा को 207 सीटें मिलीं थीं। टीएमसी के खाते में सिर्फ 80 सीटे हैं। फालता में 285 बूथों पर 21 मई को दोबारा मतदान कराया गया था। रीपोलिंग में वोटिंग करीब 2% बढ़ गई। चुनाव आयोग के मुताबिक यहां 88.13% मतदान हुआ। इससे पहले, 29 अप्रैल को इसी सीट पर 86.71% मतदान हुआ था। आधिकारिक तौर पर इस सीट के लिए छह उम्मीदवार मैदान में थे, लेकिन तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर खान ने दोबारा मतदान से कुछ दिन पहले ही घोषणा कर दी थी कि वह चुनाव नहीं लड़ेंगे। हालांकि, उनकी ओर से ये बात लिखित में दिए जाने की सूचना नहीं थी। रीपोलिंग के दौरान ईवीएम में उनका नाम और सिंबल मौजूद था।

LEAVE A REPLY