जयपुर. इंडियन प्रीमियर लीग के चार मैच जयपुर में होंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने गुरुवार को आईपीएल के सेकेंड फेज का शेड्यूल जारी किया। इसमें राजस्थान रॉयल्स के चार मैच उसके होम ग्राउंड सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले जाएंगे। जयपुर में राजस्थान का पहला मैच 25 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। राजस्थान रॉयल्स की टीम जयपुर में दिल्ली कैपिटल्स, गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपर जायंट्स से भी भिड़ेगी। जयपुर में होने वाले मुकाबलों के दौरान फैंस शुभमन गिल, ऋषभ पंत, अभिषेक शर्मा, अक्षर पटेल, ईशान किशन, केएल राहुल जैसे खिलाड़ियों को खेलते देख सकेंगे। जयपुर में सभी मुकाबले शाम 7:30 बजे शुरू होंगे। जयपुर का सवाई मानसिंह स्टेडियम लंबे समय से राजस्थान रॉयल्स का घरेलू मैदान रहा है। यहां खेले जाने वाले मुकाबलों में हमेशा बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचते हैं। पिछले सीजन में भी जयपुर में खेले गए मैचों के दौरान स्टेडियम खचाखच भरा नजर आया था। उम्मीद है कि इस बार भी राजस्थान रॉयल्स को घरेलू मैदान पर दर्शकों का जबरदस्त समर्थन मिलेगा। जयपुर में आईपीएल मैच होने से यहां पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों में भी बढ़ोतरी होने की संभावना है। होटल, रेस्टोरेंट और परिवहन सेवाओं पर भी इसका सकारात्मक असर देखने को मिलेगा। मैच देखने के लिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों के साथ-साथ अन्य राज्यों से भी क्रिकेट प्रेमी जयपुर पहुंचते हैं।






























