जयपुर. केंद्र सरकार की एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल नीति के विरोध में जयपुर दुग्ध उत्पादक संघर्ष समिति ने शनिवार को “एम-20 आंदोलन” की शुरुआत की घोषणा की। समिति का कहना है कि यह आंदोलन एथेनॉल मिश्रण नीति के खिलाफ किसानों, पशुपालकों, युवाओं और आम नागरिकों की आवाज बनेगा तथा इसे देशव्यापी जन-अभियान के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा। समिति के अध्यक्ष रमन यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सरकार ने जिस प्रकार पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण को नीति का हिस्सा बनाया है, उसी के विरोध में किसानों ने प्रतीकात्मक रूप से दूध और पानी के मिश्रण को “एम-20” नाम दिया है। उनका कहना है कि यह आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से चलाया जाएगा। रमन यादव ने कहा कि जयपुर के दुग्ध उत्पादक केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को प्रतीकात्मक रूप से “एम-100” मिश्रित दूध भेजेंगे, जिसमें उनके अनुसार दूध के नाम पर केवल पानी होगा। उन्होंने इसे सरकार की एथेनॉल मिश्रण नीति के विरोध का प्रतीक बताया। उन्होंने बताया कि आंदोलन के तहत एम-20 मिश्रित दूध उन भाजपा मंत्रियों को भी भेजा जाएगा जो एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल नीति का समर्थन कर रहे हैं, ताकि सरकार तक किसानों और आम नागरिकों की भावनाएं पहुंचाई जा सकें। समिति ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने “ब्लेंडिंग” के नाम पर मिलावट को सामान्य और वैध बनाने का प्रयास किया है। उनका दावा है कि इस नीति का असर ग्रामीण परिवहन, कृषि और दुग्ध आधारित अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है। रमन यादव ने कहा कि एम-20 आंदोलन की प्रेरणा हाल ही में जयपुर में चलाए गए प्रतीकात्मक विरोध अभियान से मिली, जिसमें एम-0, एम-20, एम-50 और एम-100 नाम से दूध-पानी के अलग-अलग मिश्रण प्रस्तुत कर एथेनॉल नीति का विरोध किया गया था। उनका दावा है कि इस अभियान का वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से वायरल हुआ और देशभर में चर्चा का विषय बना। उन्होंने एम-सीरीज के प्रतीकात्मक मिश्रण की व्याख्या करते हुए बताया कि एम-0 का अर्थ 100 प्रतिशत शुद्ध दूध, एम-20 में 80 प्रतिशत दूध और 20 प्रतिशत पानी, एम-50 में आधा दूध और आधा पानी, जबकि एम-100 में केवल पानी को दर्शाया गया है।
- अजब गजब
- एग्रीकल्चर
- कंज्यूमर
- करियर
- कर्मचारी संघ
- पॉलिटिकल
- कांग्रेस
- खबरों की खबर
- खिलाफ
- जनप्रहरी एक्सप्रेस
- जनप्रहरी लेटेस्ट
- राज्य
- जयपुर
- पीएमओ इंडिया
- भाजपा
- समाज
- सीएमओ राजस्थान
- सेहत































