वेनेजुएला. दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में 25 जून को आए दो भूकंप के बाद स्थानीय समयानुसार शुक्रवार दोपहर को एक और भूकंप आया। देश के उत्तरी तट के पास आए इस भूकंप की तीव्रता 4.9 मापी गई है। रॉयटर्स के मुताबिक, राजधानी कराकास और माराके में भी झटके महसूस किए गए। इधर, पिछले भूकंप के तीन दिन बाद मरने वालों की संख्या बढ़कर 920 हो गई है। 3360 से ज्यादा घायल हैं, जबकि 51,700 से ज्यादा लोग लापता हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि अब तक 243 लोगों को जिंदा बचाया गया है। मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। कई इलाकों में राहत टीमों की कमी के कारण लोग परिजन को ढूंढ़ने के लिए खुद मलबा हटा रहे हैं। कई परिवार हथौड़ों और दूसरे औजारों से इमारतों का मलबा हटाकर अपने परिजन की तलाश कर रहे हैं। वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने शुक्रवार को लोगों से अपील की कि वे फिलहाल ला गुआइरा राज्य न जाए, क्योंकि वहां भूकंप के बाद बचाव अभियान चल रहा है। सरकारी टीवी पर प्रसारित संदेश में रोड्रिगेज ने कहा कि यह मलबे में दबे जिंदा लोगों को बचाने के लिए सबसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण समय है। लोगों के वहां पहुंचने से बचाव दलों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, इसलिए आम नागरिक फिलहाल ला गुआइरा जाने से बचें। उन्होंने बताया कि सेना, पुलिस, सिविल प्रोटेक्शन, दमकल कर्मियों और बचाव टीमों को आपदा प्रभावित इलाकों तक तेजी से पहुंचने के लिए रास्ते खाली रखना जरूरी है। इंटरनेशनल रेस्क्यू कमेटी (आईआरसी) की चीफ एलिनोर रेक्स ने बताया कि देश का मुख्य एयरपोर्ट क्षतिग्रस्त होने से बड़े पैमाने पर मदद पहुंचाने में दिक्कत हो रही है। उन्होंने कहा कि आईआरसी के पास पड़ोसी देश कोलंबिया में राहत सामग्री मौजूद है, लेकिन उसे वेनेजुएला तक पहुंचाने के लिए एयरपोर्ट तक पहुंच जरूरी है, जो एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। आने वाले दिनों में आईआरसी की टीमें प्रभावित लोगों तक भोजन, पीने का पानी, अस्थायी आश्रय और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जरूरी दवाइयां व चिकित्सा सामग्री पहुंचाने पर ध्यान देंगी। वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने बताया कि उन्हें अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प और विदेश मंत्री मार्को रुबियो का फोन आया था। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने इस मुश्किल समय में वेनेजुएला के लिए अमेरिकी सरकार के समर्थन को दोहराया है। रोड्रिगेज ने टेलीग्राम पर लिखा कि ट्रम्प और रुबियो ने बचाव कार्यों में मदद जारी रखने का भरोसा दिया। इसके तहत बचावकर्मियों की तैनाती, विशेष उपकरण, अस्थायी आश्रय स्थलों के लिए सहायता और प्रभावित परिवारों के लिए मानवीय मदद भेजने की बात कही गई है।






























